हापुड़ में थर्ड डिग्री का आरोप, मिस्त्री का टूटा हाथ: दो दारोगा लाइन हाजिर, मुंह में पिस्टल डालकर धमकाने का भी आरोप।

SHARE:

दिनांक:24/05/2026

रिपोर्ट by: संवादाता गुलफाम सैफी

हापुड़ में थर्ड डिग्री का आरोप, मिस्त्री का टूटा हाथ: दो दारोगा लाइन हाजिर, मुंह में पिस्टल डालकर धमकाने का भी आरोप।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। एक ऑटो मिस्त्री को थर्ड डिग्री देने और बेरहमी से मारपीट करने के आरोप में दो दारोगाओं को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला, वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।बताया जा रहा है कि एक गुमशुदा व्यक्ति को पुलिस ने लावारिश मानते हुए उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस का आरोप था कि ऑटो मिस्त्री योगेन्द्र भी इस प्रदर्शन में शामिल था। इसी के बाद दो दारोगा राहुल और यशपाल योगेन्द्र को उठाकर अपने साथ ले गए।पीड़ित का आरोप है कि थाने में उसे बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसका हाथ टूट गया। इतना ही नहीं, उसे डराने और दबाव बनाने के लिए दारोगाओं ने उसके मुंह में पिस्टल तक डाल दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद डिप्टी एसपी स्तर से जांच कराई गई। जांच में आरोपों को प्रथम दृष्टया सही माना गया, जिसके बाद दोनों दारोगाओं को लाइन हाजिर कर दिया गया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल लाइन हाजिर करना पर्याप्त कार्रवाई नहीं है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जता रहा है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More