दिनांक:24/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़ पिलखुवा में अवैध कबाड़ फैक्ट्रियों के प्रदूषण से ग्रामीण परेशान, कार्रवाई की मांग तेज।
हापुड़ जनपद के धौलाना क्षेत्र के ग्राम देहरा में अवैध रूप से संचालित कबाड़ फैक्ट्रियों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय लोकदल युवा प्रदेश महासचिव मोहम्मद फारूक देहरा ने जिलाधिकारी हापुड़ को शिकायती पत्र सौंपकर गांव के आसपास फैल रहे प्रदूषण और जन-स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।शिकायत में बताया गया है कि ग्राम देहरा की सीमा से सटे गोवर्धनपुर रावली क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कबाड़ फैक्ट्रियां संचालित की जा रही हैं। आरोप है कि इन फैक्ट्रियों में तार, प्लास्टिक, पुराने वाहन और अन्य कबाड़ सामग्री को खुले में दिन-रात जलाया जा रहा है, जिससे जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार उठ रहे धुएं के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है और लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन समेत कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए यह प्रदूषण गंभीर खतरा बनता जा रहा है।शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि फैक्ट्रियों की गतिविधियों से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से जांच कर अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को तत्काल बंद कराने की मांग की गई है।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




