हरपालपुर CHC में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था! वार्ड बॉय के भरोसे अस्पताल चलने और मरीजों को रेफर करने के आरोप।

SHARE:

दिनांक:26/05/2026

हरदोई से ब्यूरो रिपोर्ट

हरपालपुर CHC में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था! वार्ड बॉय के भरोसे अस्पताल चलने और मरीजों को रेफर करने के आरोप।

हरदोई जिले के हरपालपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों की मौजूदगी के बावजूद उपचार और मरीजों को रेफर करने जैसे अहम फैसले वार्ड बॉय और बाहरी कर्मचारियों के भरोसे किए जा रहे हैं।आरोप है कि अस्पताल में कुछ कर्मचारियों का इतना प्रभाव है कि वही मरीजों की स्थिति तय करते हैं और किसे जिला अस्पताल या निजी अस्पताल भेजना है, इसका निर्णय भी उन्हीं के स्तर पर लिया जाता है। क्षेत्रीय लोगों का दावा है कि सामान्य बीमारियों और प्रसव जैसे मामलों में भी मरीजों को बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को “रेफर सेंटर” बनने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी सुविधाएं होने के बावजूद मरीजों को निजी अस्पतालों की ओर धकेला जा रहा है। वहीं कुछ आशा कार्यकर्ताओं पर भी निजी अस्पतालों में भेजने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। क्षेत्र में कमीशनखोरी की चर्चाएं भी तेज हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि अस्पताल में प्रसव और इलाज की पर्याप्त सुविधाएं मौजूद हैं, तो फिर मरीजों को लगातार बाहर क्यों भेजा जा रहा है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चुप्पी को लेकर भी जनता में नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से हरपालपुर CHC की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराने और अस्पताल में चल रही कथित मनमानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।