दिनांक:27/05/2026
हरदोई से ब्यूरो रिपोर्ट
संपत्ति विवाद में सौतेले भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, युवक समेत तीन घायल।
हरदोई शहर के सिविल लाइन इलाके में संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पिता से मिलने पहुंचे युवक पर उसके सौतेले भाई और भतीजे ने ईंट-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की पत्नी और साले के साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच पिता ने अपने बेटे को बातचीत और रुपये देने के लिए सिविल लाइन क्षेत्र में बुलाया था। युवक जब अपने पिता से बात कर रहा था, तभी वहां उसके सौतेले भाई और भतीजे पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक पर ईंट और डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर युवक की पत्नी अपने भाई के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।मारपीट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।





स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




