पिलखुवा के सुमेर नगर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष जैसे हालात, जमकर हुआ पथराव; पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।

SHARE:

दिनांक: 28/05/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

पिलखुवा के सुमेर नगर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष जैसे हालात, जमकर हुआ पथराव; पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।

जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला सुमेर नगर गुरुवार को उस समय तनाव और अफरा-तफरी के माहौल में बदल गया, जब दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प और पथराव में तब्दील हो गया। घटना के दौरान गली में चीख-पुकार, भगदड़ और दहशत जैसे हालात बन गए। महिलाएं और बच्चे भय के कारण घरों के अंदर दुबकने को मजबूर हो गए, जबकि इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद की शुरुआत कहासुनी से हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि सोनू सैफी पुत्र सत्तार सैफी, मोनिश और सलमान पुत्र दिलशाद समेत कुछ अन्य लोगों के बीच तीखी बहस के बाद माहौल बिगड़ गया और देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए पथराव से मोहल्ले में दहशत फैल गई और आसपास के लोगों ने खुद को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उग्र लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की तत्परता और सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो विवाद और अधिक गंभीर रूप ले सकता था।

जानकारी के अनुसार जिस मकान को लेकर विवाद हुआ, वह विक्रांत तोमर पुत्र ओमप्रकाश तोमर का बताया जा रहा है। दोनों पक्ष वहां किरायेदार के रूप में रह रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हुए इस बवाल से पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया था। फिलहाल पुलिस प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More