दिनांक:29/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
धौलाना विधानसभा 58 में बढ़ी सियासी हलचल, दिग्विजय सिसोदिया ने गांव-गांव पहुंचकर शुरू किया जनसंपर्क अभियान।
जनपद हापुड़ की धौलाना विधानसभा 58 में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के भावी उम्मीदवार दिग्विजय सिसोदिया ने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर जनता के बीच पहुंचकर जनसंपर्क अभियान चलाया। उनके इस दौरे को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।दिग्विजय सिसोदिया ने गांव ढाबारसी, नाहाल, बझेड़ा कला और हावल पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि धौलाना विधानसभा की जनता अब बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी की नीतियों पर लगातार भरोसा जता रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतरकर जनता के मुद्दों को चुनाव का मुख्य एजेंडा बनाएगी।

जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने टूटी सड़कें, खराब बिजली व्यवस्था, जलभराव, किसानों की समस्याएं, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति धीमी है और आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। इस पर दिग्विजय सिसोदिया ने भरोसा दिलाया कि जनता की हर आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा।दौरे के दौरान गांवों में युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ उनके साथ दिखाई दी। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। लोगों का कहना था कि जो नेता चुनाव से पहले जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनता है, वही क्षेत्र का सही प्रतिनिधित्व कर सकता है।दिग्विजय सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी करने और घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं और गरीबों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता, क्षेत्रीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। धौलाना विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए आने वाले समय में चुनावी माहौल और अधिक गर्म होने की संभावना जताई जा रही है।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



