दिनांक:20/11/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता शराफत सैफी
नैना सिंह गुर्जर के विरोध ने पकड़ा तूल, किसान नेता को जान से मारने की धमकी का आरोप; FIR दर्ज।
गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की संभावित प्रत्याशी नैना सिंह गुर्जर को लेकर विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब उनके विरोध में आवाज उठाने वाले किसान नेता हरीश हूण को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। किसान नेता का आरोप है कि फेसबुक मैसेंजर पर कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को नैना सिंह गुर्जर का समर्थक बताते हुए विरोध बंद करने का दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। मामले में थाना सिंभावली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, गांव शुक्लमपुरा निवासी किसान नेता हरीश हूण को 16 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे फेसबुक मैसेंजर पर एक कॉल आई। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम विपिन नंबरदार बताया और खुद को नैना सिंह गुर्जर का समर्थक बताया। बातचीत के दौरान उसने कथित रूप से किसान नेता को नैना सिंह गुर्जर का विरोध बंद करने की चेतावनी दी। विरोध जारी रखने पर ठिकाने लगाने और इलाज कर देने जैसी धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

किसान नेता हरीश हूण ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने 19 नवंबर को मुकदमा दर्ज करते हुए जांच उपनिरीक्षक यतेंद्र पाल सिंह को सौंपी है।
अखिलेश यादव तक मामला पहुंचाने की तैयारी।
किसान नेता का कहना है कि वह इस पूरे मामले को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सामने भी रखेंगे और उनसे मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी देंगे। उनका कहना है कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक व्यक्ति या संभावित प्रत्याशी का विरोध करना उनका अधिकार है और इस तरह की धमकियों से आवाज दबाई नहीं जानी चाहिए।गौरतलब है कि नैना सिंह गुर्जर इससे पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रही हैं। उनके कार्यालय में काम के रुपये मांगने पहुंचे कुछ मुस्लिम युवकों के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाए जाने के आरोपों से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके अलावा उनके संभावित टिकट का विरोध करते हुए एक बुजुर्ग का वीडियो भी सामने आया था।अब किसान नेता को धमकी मिलने के मामले ने गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। नैना सिंह गुर्जर के नाम को लेकर लगातार सामने आ रहे विरोध और विवादों के बीच राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं कि आगामी चुनावी समीकरणों पर इसका क्या असर पड़ेगा। हालांकि, धमकी देने वाले व्यक्ति का नैना सिंह गुर्जर से वास्तविक संबंध क्या है।
















