दिनांक:20/11/2026
रिपोर्टby संवाददाता इस्तेकार चौधरी

सिखेड़ा रजवाहे के पास ट्रक और बाइक की जोरदार भिड़ंत, 19 वर्षीय युवक गंभीर घायल, मेरठ रेफर
जनपद हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के धौलाना रोड पर सिखेड़ा रजवाहे के निकट ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।


मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के मोलीवाड़ा निवासी ध्रुव पुत्र सुशील, उम्र करीब 19 वर्ष, अपनी बाइक से धौलाना की ओर से पिलखुवा जा रहा था। जैसे ही वह सिखेड़ा रजवाहे के पास पहुंचा, तभी पिलखुवा की ओर से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।


हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल धौलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहित मनोहर सिंह ने बताया कि युवक को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए 108 एंबुलेंस की सहायता से मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


वहीं, थाना प्रभारी मनोज कुमार बालियान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी

अब सवाल यह है कि सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन कितना जरूरी है? वाहन चालकों को सावधानी बरतने और तेज रफ्तार से बचने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।









