दिनांक:23/11/2026
रिपोर्ट by संवाददाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा के कृष्णागंज में चोरों का आतंक, मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये की नकदी चोरी
- जनपद हापुड़ की कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के कृष्णागंज मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर देर रात मकान के नीचे वाले कमरे का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया।


मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णागंज निवासी विजय कुमार पुत्र भीम सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी उर्मिला और दो बच्चे रुद्र (15 वर्ष) तथा तनिष्क (10 वर्ष) हैं। बताया गया है कि घटना के समय उनकी पत्नी रिश्तेदारी में हुई मौत के चलते पंजाब गई हुई थीं, जबकि विजय कुमार मकान के ऊपर वाले कमरे में सो रहे थे।


इसी दौरान देर रात अज्ञात चोरों ने नीचे के कमरे का ताला तोड़कर घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर से सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, गले की सोने की हंसली, चांदी की पाजेब, सोने के कानों के कुंडल और करीब 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।

सुबह जब विजय कुमार नीचे कमरे में पहुंचे तो ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान चेक करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्हें देर रात हुई चोरी की घटना का पता चला।
मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले विजय कुमार के घर हुई इस चोरी की घटना से परिवार परेशान है। वहीं मोहल्ले में भी चोरी की वारदात को लेकर चर्चा का माहौल है।अब सवाल यह उठता है कि आखिर रिहायशी इलाके में चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं? पीड़ित ने चोरी हुए सामान की बरामदगी और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है


















