दिनांक: 21/11/2026
रिपोर्टby संवाददाता इस्तेकार चौधरी

धौलाना तहसील में ईवीएम प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, एसडीएम ऋषि राव ने खुद वोट डालकर समझाई मतदान प्रक्रियावीवीपैट मशीन से मतदाताओं को कराया गया वोट का सत्यापन, अधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की


धौलाना, हापुड़। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में धौलाना तहसील परिसर स्थित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-58 धौलाना के ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर ईवीएम प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आम नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीन की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी गई।


कार्यक्रम का शुभारंभ उप जिलाधिकारी ऋषि राव ने स्वयं ईवीएम पर मतदान करके किया। इस दौरान उन्होंने बैलेट यूनिट का नीला बटन दबाकर अपना वोट डाला और वीवीपैट मशीन से निकली पर्ची का अवलोकन कर मतदान का सत्यापन किया। इसके बाद उन्होंने मौजूद लोगों को ईवीएम और वीवीपैट की पूरी प्रक्रिया समझाई।


एसडीएम ऋषि राव ने बताया कि जब कोई मतदाता ईवीएम के माध्यम से अपना वोट डालता है, तो वीवीपैट मशीन की स्क्रीन पर लगभग सात सेकंड तक संबंधित प्रत्याशी की क्रम संख्या, नाम और चुनाव चिह्न दिखाई देता है। इसके बाद पर्ची मशीन के निर्धारित बॉक्स में सुरक्षित चली जाती है। इस व्यवस्था के माध्यम से मतदाता अपने द्वारा डाले गए वोट का सत्यापन कर सकता है।


उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग बिना किसी भय, दबाव और भ्रम के करना चाहिए। ईवीएम एवं वीवीपैट को लेकर मतदाताओं के मन में किसी प्रकार की शंका न रहे, इसी उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों ने भी बारी-बारी से ईवीएम पर मतदान करके वीवीपैट मशीन की कार्यप्रणाली को समझा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को मतदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान कियाप्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएं।










