दिनांक:22/12/2025
रिपोर्ट by:अभिषेक त्रिवेदी / तहसील रिपोर्टर
ग्राम सुरक्षा समिति के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक, साइबर अपराध व यातायात सुरक्षा पर दी जानकारी।
अरवल पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशानुसार जनपद के प्रत्येक थाने के अंतर्गत आने वाले गांवों में ग्राम सुरक्षा समितियों का गठन कर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में अरवल थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बीती रात अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम तेरा पुरसौली में तैनात कांस्टेबल आशुतोष यादव द्वारा ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा न करें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।वहीं उप निरीक्षक अभय सिंह ने कांस्टेबल विवेक कुमार के साथ ग्राम निबिया खेड़ा में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों को यातायात सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने हेलमेट, सीट बेल्ट के प्रयोग, नशे में वाहन न चलाने और सड़क नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही आपातकालीन नंबरों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान से ग्रामीणों में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ रही है। ग्रामीणों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




