दिनांक:12/10/2026
हापुड़ संवाददाता/शराफत सैफी।
पिलखुवा में जलभराव से दो मोहल्लों के लोग परेशान, सीएम चौहान ने दी आंदोलन की चेतावनी।
पिलखुवा। परतापुर रोड पर निर्माणाधीन अंडरपास के चलते जलनिकासी बाधित होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाला बंद होने से प्रह्लाद नगर और सदीकपुरा मोहल्ले में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को घरों में पानी भरने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गंदे पानी के जमाव के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई जा रही है।समस्या की जानकारी मिलने पर आम आदमी पार्टी के नगर अध्यक्ष अरुण शर्मा और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीएम चौहान प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और जलभराव से जल्द राहत दिलाने की मांग उठाई।सीएम चौहान ने नगर पालिका को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पानी की निकासी की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी आंदोलन करने के साथ नगर पालिका के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं, निर्माणाधीन अंडरपास के कारण आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर रेलवे अधिकारियों से भी बातचीत की गई। अधिकारियों की ओर से करीब एक महीने के भीतर छोटे वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खोलने का प्रयास करने का आश्वासन दिया गया। इससे क्षेत्र के लगभग 12 गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।इस दौरान अरुण शर्मा, नीरज अत्रे, विनोद सैनी, इंद्रजीत सिंह, इमरान खान, वीरसेन शर्मा, उस्मान सैफी, आस मोहम्मद, आरिफ मलिक, चमन लाल, शमीम सिद्दीकी, शकील अहमद, बुद्ध प्रकाश, एडवोकेट सुनील कुमार, राजीव शर्मा, रेशमा, शकीला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।फिलहाल, प्रह्लाद नगर और सदीकपुरा के निवासी जलभराव की समस्या से राहत मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अब संबंधित विभागों की कार्रवाई पर नजर है कि जलनिकासी की व्यवस्था कब तक दुरुस्त होती है और लोगों को इस परेशानी से कब राहत मिलती है।




