दिनांक:16/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़: नशे में धुत पड़ोसी पर 10 साल की बच्ची को छत से फेंकने का आरोप, हालत गंभीर।
हापुड़ जनपद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां नशे की हालत में एक व्यक्ति पर 10 वर्षीय मासूम बच्ची को छत से नीचे फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मामला पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव बड़ौड़ा खुर्द का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 10 वर्षीय बच्ची कृतिका अपने पड़ोस की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में बच्ची को छत से नीचे धक्का दे दिया।बच्ची के नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत बच्ची को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है। बच्ची के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं और डॉक्टर लगातार निगरानी में इलाज कर रहे हैं।परिजनों का आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित पिता ने पिलखुवा कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस पूरे मामले पर पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यामपाल सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है, वहीं मासूम बच्ची जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।





