दिनांक:26/12/2025
रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में गरजा बुल्डोजर, नगर पालिका का अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन।
जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर अभियान शुरू कर दिया। जैसे ही बुल्डोजर बाजार की सड़कों पर उतरा, अवैध कब्जा जमाकर बैठे अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई।

नगर पालिका प्रशासन की टीम ने मुख्य बाजार और आसपास के इलाकों में सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों और ठेले वालों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने आनन-फानन में दुकानों के बाहर रखा सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि कुछ व्यापारियों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग किया।कार्रवाई के दौरान बुल्डोजर के जरिए सड़क पर फैले अवैध कब्जों को हटाया गया, जिससे लंबे समय से संकरी हो चुकी सड़कें खुल गईं। अतिक्रमण हटते ही बाजार में आवागमन सुचारू हो गया और जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।

नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान जनहित में चलाया गया है और आगे भी नियमित रूप से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।नगर पालिका की इस सख्त कार्रवाई से जहां आम जनता में संतोष का माहौल है, वहीं अतिक्रमण करने वालों में डर बना हुआ है। साफ संकेत है कि पिलखुवा में अब सड़क पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





