पिलखुआ: जी.एस. विश्वविद्यालय में एम.डी. व एम.एस. छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित।

SHARE:

दिनांक:23/03/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

पिलखुआ: जी.एस. विश्वविद्यालय में एम.डी. व एम.एस. छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित।दो दिवसीय कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्रों को दी गई शैक्षणिक, नैतिक और व्यावसायिक मार्गदर्शन की जानकारी।

हापुड़ जनपद के पिलखुआ स्थित जी.एस. विश्वविद्यालय के अंतर्गत जी.एस. मेडिकल कॉलेज में सत्र 2025–26 के एम.डी. और एम.एस. पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सरनदीप पुरी ने किया और सभी नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. यतीश अग्रवाल ने प्रो चांसलर डॉ. अंकित शर्मा, प्रो वाइस चांसलर डॉ. रूपाली शर्मा, सीईओ डॉ. नेहा शर्मा सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है और छात्रों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।डॉ. अग्रवाल ने नवप्रवेशित छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एम.डी. और एम.एस. की पढ़ाई न केवल चुनौतीपूर्ण होती है, बल्कि यह एक प्रेरणादायक यात्रा भी होती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय छात्रों को हर संभव शैक्षणिक और नैतिक सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम दो दिनों तक चलेगा, जिसमें छात्रों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का भाव अत्यंत आवश्यक है, विशेषकर चिकित्सा क्षेत्र में कार्य करने वाले विद्यार्थियों के लिए।कार्यक्रम में प्रो वाइस चांसलर डॉ. रूपाली शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में चिकित्सा क्षेत्र तेजी से बदल रहा है। ऐसे में डॉक्टरों को नई तकनीकों को अपनाने, बेहतर समन्वय स्थापित करने और निरंतर ज्ञान अर्जित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश के भविष्य का निर्माण करती है और उन्हें मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

इस अवसर पर डीन डॉ. प्रदीप गर्ग, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शरद गोयल, डॉ. एस. कुमार, अंकित विझ, मनोज शिशोदिया, सुमित सिंह सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्रों को संस्थान की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उनके शैक्षणिक जीवन की सशक्त शुरुआत सुनिश्चित करना रहा।

Read More