दिनांक:2/04/2026
रिपोर्ट by: हरदोई ब्यूरो रिपोर्ट
हरदोई के मिशन शक्ति फेज-5 के तहत गांवों में महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज।
अरवल। प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में महिला सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना अरवल क्षेत्र में महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा के प्रति सजग करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थानों पर लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में थाना अरवल की महिला उपनिरीक्षक दीक्षा कटियार ने ग्राम टिलिया घटवासा में ग्राम चौपाल के माध्यम से स्थानीय महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा के उपाय, सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहने के तरीके और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही मनचलों और असामाजिक तत्वों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह भी दी गई।जागरूकता अभियान के दौरान उपस्थित महिलाओं को पंपलेट वितरित कर आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और अन्य सहायता नंबर 1034 का प्रयोग करें।

पुलिस टीम ने ग्रामीण महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी संकट की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक बनाना है।





