सांडी में ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली को हरी झंडी, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प।

SHARE:

दिनांक:10/04/2026

रिपोर्ट by: हरदोई ब्यूरो रिपोर्ट

सांडी में ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली को हरी झंडी, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प।

अरवल क्षेत्र के सांडी विकासखंड में शुक्रवार को शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने और बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली की शुरुआत देव दरबार इंटर कॉलेज, सांडी से हुई, जिसे खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सांडी से होते हुए श्रीमऊ तक निकाली गई, जिसमें मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न गांवों में लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।रैली का आयोजन डॉ. सुनील कुमार सिंह के संयोजन में किया गया, जिसमें क्षेत्र के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान ‘शिक्षा ही पहचान है’, ‘हर बच्चा स्कूल जाए’ जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना था कि शिक्षा ही विकास की कुंजी है और हर बच्चे का विद्यालय से जुड़ना बेहद आवश्यक है।

खंड शिक्षा अधिकारी ने इस मौके पर अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन विद्यालयों में कराने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ी ताकत है और यही सांडी क्षेत्र की नई पहचान बनेगी।रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर रुककर शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया। इस अभियान में क्षेत्र के कई शिक्षक अपने वाहनों के साथ शामिल हुए और सक्रिय रूप से जनसंपर्क कर लोगों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से राधा रमन मिश्रा, बृजेश तिवारी, हार्दिक शुक्ला, राघवेंद्र मिश्रा, अनुराग, प्रशांत द्विवेदी और पंकज कन्नौजिया सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी प्रयास किया गया, जिससे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनता दिखाई दिया।

Read More