गढ़मुक्तेश्वर के गांव वैट में सपा की पीडीए चौपाल में उमड़ा जनसैलाब, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आनंद गुर्जर और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान रहे आकर्षण का केंद्र।

SHARE:

दिनांक:15/04/2026

रिपोर्ट by: संवाददाता शराफत सैफी

गढ़मुक्तेश्वर के गांव वैट में सपा की पीडीए चौपाल में उमड़ा जनसैलाब, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आनंद गुर्जर और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान रहे आकर्षण का केंद्र।गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव वैट में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित पीडीए चौपाल ने स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। प्रधान शेर अली के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी ने इसे एक बड़े राजनीतिक आयोजन का रूप दे दिया। चौपाल की अध्यक्षता हाजी नन्ने ने की, जबकि संचालन अख्तर मलिक ने किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपना उत्साह और समर्पण प्रदर्शित किया। अपने संबोधन में सिद्दीकी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव के मूड में है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर भी पूरे कार्यक्रम में सक्रिय नजर आए। उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और यही आने वाले चुनावों में जीत की आधारशिला बनेगी।कार्यक्रम में सबसे अधिक चर्चा का केंद्र रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान, जिनकी सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क शैली ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया। उनके द्वारा कार्यकर्ताओं के सम्मान, 36 बिरादरी में पार्टी की पकड़ मजबूत करने के प्रयास, और क्षेत्र के सामाजिक कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी को लेकर व्यापक सराहना देखने को मिली। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही वह राजनीतिक शक्ति है जो किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करती है। उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है और अब परिवर्तन की लहर तेज हो चुकी है।

चौपाल में मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और आगामी चुनावों में पूरी ताकत से उतरने का संकल्प लिया। इस मौके पर हाजी शब्बन, जिला सचिव हाजी वकील, साजिद चौधरी, रिहान जमा, शकील एडवोकेट, रिफाकत, आरिफ, फारूक प्रधान, आस मोहम्मद, रिजवान एडवोकेट, अयूब सिद्दीकी, नसीम खान और शाहिद सिद्दीकी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संगठन को और मजबूत करने तथा 2027 के चुनावों में समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। गांव वैट की यह पीडीए चौपाल क्षेत्र में पार्टी की बढ़ती सक्रियता, जनसमर्थन और बदलते राजनीतिक माहौल का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।

Read More