दिनांक:08/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से युवक की मौत, चालक पुलिस हिरासत में।जनपद हापुड़ के कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सिखेड़ा चौकी क्षेत्र के गांव हवाल-मोड़ के पास तेज रफ्तार कैंटर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार गांव हवाल निवासी जुनैद पुत्र मुस्तकीम अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था। इसी दौरान हवाल-मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
![]()
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल सिखेड़ा चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए राम हॉस्पिटल भिजवाया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में जुनैद ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया और धौलाना की ओर भागने लगा। इसी बीच राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को वाहन के बारे में जानकारी दी। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए धौलाना चौराहे पर तैनात TSI राजकुमार और उनकी टीम ने घेराबंदी कर कैंटर को रोक लिया। पुलिस ने वाहन समेत चालक को हिरासत में ले लिया।पुलिस के मुताबिक पकड़े गए कैंटर का रजिस्ट्रेशन नंबर UP21CT1945 है। बाद में वाहन और चालक को आगे की कार्रवाई के लिए सिखेड़ा चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हवाल-मोड़ पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



