हरपालपुर और अरवल क्षेत्र में अवैध खनन का खेल जारी, रातभर गरज रही मशीनें।

SHARE:

दिनांक:13/05/2026

रिपोर्ट by: हरदोई ब्यूरो रिपोर्ट

हरपालपुर और अरवल क्षेत्र में अवैध खनन का खेल जारी, रातभर गरज रही मशीनें।

अरवल/हरपालपुर। हरदोई जिले के अरवल और हरपालपुर थाना क्षेत्रों में अवैध खनन का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन किया जा रहा है, जबकि जिम्मेदार विभाग और स्थानीय प्रशासन इससे अनजान बने हुए हैं।बताया जा रहा है कि गेहूं की कटाई के बाद क्षेत्र के कई गांवों में खनन गतिविधियां तेज हो जाती हैं। शासन की ओर से मिट्टी खनन और डलान के लिए ऑनलाइन अनुमति की व्यवस्था लागू है, लेकिन आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर अवैध तरीके से बड़े स्तर पर खनन कराया जा रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक अरवल थाना क्षेत्र के सुलखामऊ, हन्नामऊ, चियासर, दहेलिया, उगडनपुरवा और धनियामऊ गांवों में देर रात तक मिट्टी खनन का काम चलता है। वहीं हरपालपुर थाना क्षेत्र के सेमरिया, हरिपलापुर, भदार और मटका गांवों में भी रात होते ही मशीनों की आवाज सुनाई देने लगती है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन माफिया निगरानी के लिए अपने लोगों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात रखते हैं, ताकि किसी भी कार्रवाई की सूचना पहले ही मिल सके। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी अरवल अनिल सिंह का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। यदि कहीं अवैध खनन पाया जाता है तो खनन विभाग को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर जिला खनन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जिले का क्षेत्र बड़ा होने के कारण उन्हें फिलहाल ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी नहीं मिली है। सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।अब सवाल यह उठ रहा है कि प्रशासन अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या नहीं।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।