दिनांक:27/05/2026
हरदोई से ब्यूरो रिपोर्ट
गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से बोलेरो पांच बार पलटी, छह घायल।
हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बोलेरो कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में बिहार के एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि परिवार धार्मिक यात्रा पर निकला था और ऋषिकेश, हरिद्वार, नैनीताल और खाटू श्याम समेत कई धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए जा रहा था। परिवार प्रयागराज से गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान सवायजपुर क्षेत्र में पीछे से आए एक ट्रक ने ओवरटेक करने के बाद अचानक वाहन मोड़ दिया।आरोप है कि ट्रक का पिछला हिस्सा बोलेरो से टकरा गया, जिससे कार बेकाबू होकर सड़क पर पांच बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी लोग घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पहले हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



