दिनांक:25/11/2026
रिपोर्टby संवाददाता इस्तेकार चौधरी
मंदिर के सामने बैठे युवक से मारपीट, सिर पर कड़े और पत्थर से किया वार, सीसीटीवी में कैद हुई है
जनपद हापुड़ के कस्बा धौलाना में मंदिर के सामने बैठे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और विरोध करने पर उसके सिर पर हाथ में पहने कड़े व पत्थर से वार कर घायल कर दिया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, कपिल पुत्र राजू निवासी कस्बा धौलाना अपने मोहल्ले में मंदिर के सामने बैठा हुआ था। इसी दौरान मोहल्ले के ही अमरदीप और प्रिंस पुत्र अजयपाल वहां पहुंचे और कथित तौर पर कपिल के साथ गाली-गलौज करने लगे। कपिल द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके सिर पर हाथ में पहने कड़े और पत्थर से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया।


घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर युवक को बचाया। आरोप है कि जाते समय दोनों युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल कपिल का उपचार धौलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से वह और उसका परिवार भयभीत है।

वहीं, घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इस संबंध में थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज प्राप्त हो गया है। फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



















