दिनांक:23/12/2205
रिपोर्ट by: संवादाता आरिफ खान
सीतापुर के महमूदाबाद में टला बड़ा हादसा, छपरतल्ला तालाब में जा गिरी कार।
महमूदाबाद, सीतापुर नगर के सिधौली रोड स्थित छपरतल्ला तालाब के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त कार मरम्मत के उद्देश्य से लाई जा रही थी। जैसे ही वाहन सिधौली रोड से होते हुए छपरतल्ला तालाब के समीप पहुंचा, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। सड़क किनारे किसी प्रकार की रेलिंग या सुरक्षा अवरोध न होने के कारण कार सीधे तालाब में जा गिरी।घटना के तुरंत बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने शोर मचाया और तालाब की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और प्रशासन को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला जा सका।

हादसे के कारण कुछ समय तक मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही, जिससे सिधौली रोड पर यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारु कराया।स्थानीय निवासियों का कहना है कि छपरतल्ला तालाब के पास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। तालाब के किनारे न तो कोई मजबूत रेलिंग लगी है और न ही दुर्घटना से बचाव के लिए चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं। लोगों का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए तालाब के किनारे पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जाए, स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह हादसा प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर करता है।
स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




