सड़क पर गायों का झुंड आने से रोडवेज बस पलटी, चालक सहित दो घायल।

SHARE:

दिनांक:24/12/2025

रिपोर्ट by: जिला संवादाता विष्णुकांत बाजपेई 

सड़क पर गायों का झुंड आने से रोडवेज बस पलटी, चालक सहित दो घायल।

पाली (हरदोई) पचदेवरा क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरदोई डिपो की एक रोडवेज बस अचानक सामने आए गायों के झुंड से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर नारायणपुर पुलिया के पास सड़क किनारे पलट गई। हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि बस चालक सहित दो लोग घायल हो गए।

दुर्घटना में बस चालक पवन मिश्रा एवं पप्पू सिंह पुत्र डीलचंद सिंह, निवासी ग्राम अनुआ घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए पीएचसी पाली में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक पवन मिश्रा की स्थिति को देखते हुए उन्हें सीटी स्कैन के लिए जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया।घायल पप्पू सिंह ने बताया कि वह नारायणपुर पुलिया से हरदोई जाने हेतु बस में सवार हुए थे, लेकिन कुछ ही दूरी तय करने के बाद यह हादसा हो गया। घटना के समय बस में चालक के अलावा परिचालक अवनीश तथा तीन यात्री मौजूद थे।

बताया गया कि संबंधित रोडवेज बस रात्रि में पचदेवरा में खड़ी की जाती है और सुबह वहां से भरखनी–पाली–नकटौरा नहर मार्ग होते हुए हरदोई के लिए रवाना होती है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।सूचना मिलने पर स्थानीय लोग एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति को सामान्य कराया गया।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।