पिलखुवा l दिनांक:26/12/2025
रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़ पुलिस का बड़ा खुलासा: 85 लाख की सनसनीखेज लूट का आज पर्दाफाश करेगी हापुड़ पुलिस।
हापुड़ से इस वक्त की बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है।जहां हापुड़ पुलिस ने पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में हुई 85 लाख रुपये की हाईवे लूट का सफल खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में लूट के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 50 लाख रुपये से अधिक की लूटी गई रकम भी बरामद कर ली है।

बताया जा रहा है कि आज हापुड़ के पुलिस अधीक्षक इस पूरे लूटकांड को लेकर प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।सीसीटीवी फुटेज आया सामने इस सनसनीखेज लूटकांड से जुड़ा एक नया सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसने वारदात की पूरी सच्चाई उजागर कर दी है।सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे बाइक सवार बदमाशों ने हाईवे पर व्यापारी के मुनीम को निशाना बनाया।वीडियो में बदमाश पहले मुनीम की बाइक को टक्कर मारते हैं, जिससे वह सड़क पर गिर जाता है। इसके बाद बदमाश आगे निकल जाते हैं और फिर वापस लौटकर नकदी से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो जाते हैं। पूरी वारदात बेहद बेखौफ अंदाज़ में अंजाम दी गई।

15 सितंबर की है घटना यह पूरा मामला।
गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र स्थित पुरानी अनाज मंडी के व्यापारी गोपाल गोयल का मुनीम अजय पाल, करीब 85 लाख रुपये नकद लेकर हापुड़ से गाजियाबाद की ओर जा रहा था।इसी दौरान पिलखुवा थाना क्षेत्र के हाईवे पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे गिराकर नगदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए थे।
पुलिस की सक्रियता से मिली सफलता
घटना के बाद पिलखुवा पुलिस सहित कई विशेष टीमों को लगाया गया था।लगातार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई और बड़ी सफलता हासिल की।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





