सीसीएसयू इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में जेएमएस की छात्रा वंशिका चौधरी का शानदार प्रदर्शन, स्वर्ण व रजत पदक जीतकर बढ़ाया संस्थान का मान।

SHARE:

दिनांक:28/दिसंबर/2025

रिपोर्ट by: शराफत सैफी

सीसीएसयू इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में जेएमएस की छात्रा वंशिका चौधरी का शानदार प्रदर्शन, स्वर्ण व रजत पदक जीतकर बढ़ाया संस्थान का मान।

जनपद हापुड़ स्थित जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के लिए यह गर्व का क्षण है, जब संस्थान में अध्ययनरत बी.एस.सी. कंप्यूटर साइंस प्रथम वर्ष की छात्रा वंशिका चौधरी ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की इंटर कॉलेज प्रतियोगिता 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। वंशिका ने नोएडा कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, धूम मानिकपुर (दादरी) में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान वंशिका चौधरी ने 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर दूसरा स्थान अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस बल्कि पूरे हापुड़ जनपद को विश्वविद्यालय स्तर पर गौरवान्वित किया है।छात्रा की इस सफलता से संस्थान परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, शिक्षकगणों, विभागाध्यक्षों, प्राचार्य, डीन, स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने वंशिका की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उसे प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर संस्थान के सचिव डॉ. रोहन सिंघल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल, डायरेक्टर जनरल प्रो. डॉ. सुभाष गौतम एवं विभागाध्यक्ष आशीष त्यागी ने छात्रा को उपहार देकर सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।सम्मान समारोह के दौरान मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल ने कहा कि जेएमएस परिवार सदैव छात्र-छात्राओं के बहुमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। संस्थान शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहा है, जिससे छात्र हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें।

वहीं, इस शानदार उपलब्धि पर संस्थान के सचिव डॉ. रोहन सिंघल ने स्पोर्ट्स ऑफिसर प्रिंस यादव एवं हेड एडमिन अमित सिद्धू को भी छात्रा के उत्कृष्ट प्रदर्शन में दिए गए सहयोग के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

वंशिका चौधरी की यह सफलता न केवल जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो मेहनत और लगन के बल पर उच्च लक्ष्य प्राप्त करने का सपना देखते हैं।

Read More