हरदोई में वृद्धा हत्याकांड का खुलासा, रुपये न देने पर घरेलू सहयोगी ने प्रेस के तार से गला घोंटकर की थी हत्या।

SHARE:

दिनांक:04/01/2026

रिपोर्ट by: क्राइम ब्यूरो चीफ़ पुनीत कुमार शुक्ला 

हरदोई में वृद्धा हत्याकांड का खुलासा, रुपये न देने पर घरेलू सहयोगी ने प्रेस के तार से गला घोंटकर की थी हत्या।

हरदोई जनपद से एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम बलेहरा में 30/31 दिसंबर की रात 62 वर्षीय वृद्धा की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रुपये देने से मना करने पर पारिवारिक संबंध रखने वाले घरेलू सहयोगी ने ही प्रेस के तार से गला कसकर वृद्धा की हत्या कर दी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर को अतुल सिंह पुत्र रनवीर सिंह निवासी ग्राम महदोईया, थाना रहीमाबाद, लखनऊ पश्चिमी द्वारा थाना बेहटा गोकुल में तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि उनकी सौतेली माता सावित्री देवी की अज्ञात व्यक्ति द्वारा गले में तार कसकर हत्या कर दी गई है। तहरीर के आधार पर थाना बेहटा गोकुल में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के शीघ्र अनावरण के लिए थाना बेहटा गोकुल पुलिस के साथ स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम को लगाया गया। संयुक्त पुलिस टीम द्वारा लगातार जांच, साक्ष्य संकलन और पूछताछ के आधार पर इस हत्याकांड का खुलासा किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त संदीप सिंह उर्फ शैलू पुत्र विजय कुमार निवासी ग्राम बलेहरा, थाना बेहटा गोकुल ही इस हत्या का जिम्मेदार है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मृतका सावित्री देवी के घर घरेलू कार्यों में सहयोग करता था और पारिवारिक रूप से भी संबंध रखता था।आरोपी ने बताया कि उसने सावित्री देवी से कुछ रुपये मांगे थे, लेकिन रुपये देने से मना किए जाने पर वह क्षुब्ध हो गया। इसी गुस्से में उसने प्रेस के तार से सावित्री देवी का गला कस दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस सफल खुलासे में बेहटा गोकुल थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र गिरि, उप निरीक्षक राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल मन्दीप सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार, राहुल कुमार, राजीव कुमार के साथ स्वाट/सर्विलांस एवं एसओजी टीम के प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार, अब्दुल जब्बार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास भी बढ़ा है।

Read More