हापुड़ ब्रेकिंग न्यूज़: धौलाना औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी चोरी, सर्वोंकॉन कंपनी से 700 किलो तांबा ले उड़े चोर।

SHARE:

दिनांक:06/01/2026

रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी

हापुड़ ब्रेकिंग न्यूज़: धौलाना औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी चोरी, सर्वोंकॉन कंपनी से 700 किलो तांबा ले उड़े चोर।

जनपद हापुड़ से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। धौलाना थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सर्वोंकॉन कंपनी को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य का तांबा चोरी कर लिया। इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, यह चोरी 4 और 5 जनवरी की दरम्यानी रात तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोर पूरी तरह से सुनियोजित तरीके से कंपनी परिसर में दाखिल हुए और टिन शेड को काटकर अंदर रखे करीब 700 किलो तांबे को चोरी कर फरार हो गए।

पूरी वारदात कंपनी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चोर चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है।सुबह जब कंपनी के कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल धौलाना थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि चोरों के भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके।“पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही चोरी गए तांबे की बरामदगी की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस टीम लगातार दबिश देकर चोरों की तलाश में जुटी हुई है। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More