दिनांक:06/3/2026
रिपोर्ट by: जिला क्राइम संवादाता कमलेश कुमार
सकाहा संकटहरण महादेव मंदिर का होगा कायाकल्प, 1.66 करोड़ रुपये की परियोजना को मिली स्वीकृति।
श्रद्धालुओं के लिए विश्राम गृह, यात्री शेड, सोलर लाइट और आधुनिक सुविधाओं का होगा निर्माण टोंडरपुर/हरदोई जनपद हरदोई के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में स्थित प्राचीन सकाहा संकटहरण महादेव मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए शासन स्तर से बड़ी सौगात मिली है। मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए 1 करोड़ 66 लाख रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर का कायाकल्प किया जाएगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जारी जानकारी के अनुसार, मंदिर की दीवारों पर भगवान शिव की महिमा और मंदिर के पौराणिक इतिहास को आकर्षक चित्रों के माध्यम से दर्शाया जाएगा, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी मिल सकेगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए कई विकास कार्य कराए जाएंगे।

परियोजना के तहत श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा के लिए विश्राम गृह का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा धूप और बारिश से बचाव के लिए यात्री शेड बनाए जाएंगे, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सके।इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक, ड्रेनेज सिस्टम और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी। इन सभी कार्यों से मंदिर परिसर की व्यवस्था और स्वच्छता में काफी सुधार होने की उम्मीद है।

इस संबंध में उप सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव ने पत्र जारी कर परियोजना की स्वीकृति की जानकारी दी है। वहीं जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि विकास कार्यों को जल्द शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पूरे प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद सकाहा संकटहरण महादेव मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।




