हापुड़ के धौलाना औद्योगिक क्षेत्र में प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, आग बुझाने का अभियान जारी।

SHARE:

दिनांक:13/03/2026

रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी 

हापुड़ के धौलाना औद्योगिक क्षेत्र में प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, आग बुझाने का अभियान जारी।

मसूरी-गुलावठी रोड स्थित फेस-1 इंडस्ट्रियल एरिया की “बिहारी जी लैमिनेट” फैक्ट्री में सुबह लगी आग, लकड़ी और ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैली लपटे।उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र से शुक्रवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई है। मसूरी-गुलावठी रोड स्थित फेस-1 औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लाईवुड फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी कारोबारी शिवम गोयल की “बिहारी जी लैमिनेट” नाम से प्लाईवुड बनाने की फैक्ट्री फेस-1 इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जब फैक्ट्री खुलने की तैयारी चल रही थी, उसी दौरान फैक्ट्री परिसर में रखी लकड़ी और प्लाईवुड के सामान में अचानक आग लग गई।फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर से ऊंची-ऊंची लपटें और काला धुआं उठने लगा, जिसे दूर-दूर तक देखा गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और करीब 20 मिनट के भीतर चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वहीं पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास के इलाके को खाली कराने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।खबर लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही थीं। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी कारण की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रशासन के मुताबिक आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका है, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में ज्यादा कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Read More