दिनांक:20/03/2026
रिपोर्ट by: क्राइम ब्यूरो चीफ़ आरिफ खान
सीतापुर में 25 हजार का इनामिया बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली।
बिसवां क्षेत्र में पुलिस-बदमाश आमने-सामने, फायरिंग के बाद दबोचा गया आरोपी।सीतापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने एक इनामिया अपराधी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थाना बिसवां क्षेत्र के गांव मोचकला के पास हुई, जहां पुलिस और बदमाश के बीच आमना-सामना हो गया।

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंदल गिरी के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम जब इलाके में चेकिंग और तलाश अभियान चला रही थी, तभी संदिग्ध गतिविधि देखे जाने पर बदमाश को रोकने की कोशिश की गई।खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक प्लेटिना बाइक, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की पायल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब इस गैंग पर पूरी तरह शिकंजा कसने की तैयारी है।घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




