दिनांक:23/03/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़: धौलाना क्षेत्र की फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, इलाके में मची अफरा-तफरी।
ऑक्सफोर्ड चौराहा के पास नायरा पेट्रोल पंप के सामने लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, राहत-बचाव जारी।उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के कोतवाली धौलाना क्षेत्र से सोमवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां शेखपुरा खिचरा स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई।बताया जा रहा है कि ऑक्सफोर्ड चौराहा के पास नायरा पेट्रोल पंप के सामने स्थित फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की तेज लपटों और धुएं के गुबार के चलते आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं, लेकिन फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली कराना शुरू कर दिया है और लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। साथ ही राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।गनीमत यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




