दिनांक:04/04/2026
रिपोर्ट by: हरदोई ब्यूरो रिपोर्ट
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं के प्रति किया गया जागरूक।अरवल। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में सभी थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में थाना अरवल क्षेत्र के ग्राम टिलिया घटवासा स्थित लटूरी बाबा मंदिर परिसर में महिला उपनिरीक्षक दीक्षा कटियार द्वारा चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव की महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को मनचलों से सतर्क रहने, आत्मरक्षा के उपाय अपनाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 और 1034 के उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीकों पर भी विशेष चर्चा की गई।महिला उपनिरीक्षक ने ग्रामीण महिलाओं को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस जागरूकता कार्यक्रम से गांव की महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ी है।




