पिहानी के पंडरवाकिला गांव में भीषण आग: दो घर राख, लाखों का नुकसान, परिवार बेघर।

SHARE:

दिनांक:19/04/2026

रिपोर्ट by संवादाता कमलेश कुमार 

पिहानी के पंडरवाकिला गांव में भीषण आग: दो घर राख, लाखों का नुकसान, परिवार बेघर।

हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के पंडरवाकिला गांव में रविवार को अचानक लगी भीषण आग ने दो परिवारों की जिंदगी को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते रिजवान और इसहाक के घर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज, जेवर और नकदी सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले चुकी थीं। आसमान में उठता घना धुआं और आग का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बाल्टियों, पाइप व अन्य संसाधनों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता के चलते आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या चूल्हे से निकली चिंगारी की जताई जा रही है।इस हादसे के बाद दोनों पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता, खाद्य सामग्री और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे दोबारा अपनी जिंदगी को पटरी पर ला सकें।

Read More