धौलाना में प्लास्टिक पाइपों में भीषण आग, दमकल की कड़ी मशक्कत से टली बड़ी घटना।

SHARE:

दिनांक:23/04/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

धौलाना में प्लास्टिक पाइपों में भीषण आग, दमकल की कड़ी मशक्कत से टली बड़ी घटना।हापुड़ जनपद के धौलाना कस्बे में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पशु चिकित्सालय के पीछे स्थित एक खाली प्लॉट में रखे प्लास्टिक पाइपों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, वहीं आसमान छूती लपटों को देखकर क्षेत्र में दहशत फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि प्लॉट में भारी मात्रा में प्लास्टिक पाइप रखे हुए थे, जिनमें अचानक आग लगने से स्थिति तेजी से बिगड़ गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।आग लगने से आसपास के इलाके में भय का माहौल बन गया। लोगों को आशंका थी कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया, तो यह आसपास के मकानों और अन्य संपत्तियों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और एक बड़े हादसे को टाल दिया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि प्लास्टिक पाइपों को भारी नुकसान पहुंचा है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि खाली प्लॉटों में ज्वलनशील सामग्री रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Read More