पिलखुवा के सिखेड़ा गांव में फिर सक्रिय हुए पशु चोर, एक ही रात में दो भैंस चोरी—लगातार दूसरी वारदात से ग्रामीणों में दहशत।

SHARE:

दिनांक:27/04/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

पिलखुवा के सिखेड़ा गांव में फिर सक्रिय हुए पशु चोर, एक ही रात में दो भैंस चोरी—लगातार दूसरी वारदात से ग्रामीणों में दहशत।

जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गांव सिखेड़ा का है, जहां रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। खास बात यह है कि पिलखुवा क्षेत्र में भैंस चोरी की यह लगातार दूसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।जानकारी के अनुसार, गांव सिखेड़ा में KST पब्लिक स्कूल के पास स्थित एक घेर को चोरों ने निशाना बनाया। गांव निवासी रामपाल, जिन्हें स्थानीय लोग डॉक्टर के नाम से जानते हैं, के घेर में बंधी दो भैंसों को चोर रात के अंधेरे में खोलकर ले गए। बताया जा रहा है कि चोर बड़ी ही योजना के तहत आए और बिना किसी को भनक लगे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पीड़ित रामपाल ने बताया कि उन्होंने रोज की तरह अपनी दोनों भैंसों को घेर में बांध दिया था। सुबह जब वह घेर पर पहुंचे तो वहां भैंसें गायब थीं। घेर के ताले और आसपास के हालात देखकर साफ तौर पर चोरी की आशंका जताई गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कई ग्रामीण अब रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

पशु चोरी की घटनाओं से किसानों और पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं और मांग की है कि इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाए।वहीं, पीड़ित परिवार ने भी पुलिस से जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई है। अब सभी की नजरें पिलखुवा पुलिस पर टिकी हैं कि वह इस दूसरी बड़ी वारदात का खुलासा कब तक करती है और चोरों को पकड़कर ग्रामीणों को राहत दिला पाती है या नहीं।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More