हापुड़ के धौलाना में महाराणा प्रताप की जयंती पर देहरा गांव में हुए विवाद के बाद प्रशासन अलर्ट, पुलिस ने शुरू की सख्त कार्रवाई।

SHARE:

दिनांक:09/05/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

हापुड़ के धौलाना में महाराणा प्रताप की जयंती पर देहरा गांव में हुए विवाद के बाद प्रशासन अलर्ट, पुलिस ने शुरू की सख्त कार्रवाई।

जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव देहरा में शनिवार को महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अचानक दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान एक युवक दुकान पर गुटखा खरीदने पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना में दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी बढ़ा दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एडीजी भानु भास्कर, जिलाधिकारी कविता मीणा, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, एडीएम संदीप कुमार, सीओ पिलखुवा अनीता चौहान तथा एसडीएम धौलाना ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस प्रशासन द्वारा घटना से जुड़े वीडियो फुटेज, ड्रोन कैमरे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा अन्य लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घटना के दौरान कुछ वाहनों में भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More