दिनांक:09/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता कमलेश कुमार
Hardoi news: अंतोरा ग्राम पंचायत में खराब पड़े हैंडपम्पों से गहराया पेयजल संकट, ग्रामीण और राहगीर परेशान।
हरदोई जनपद के विकासखंड टोंडरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंतोरा में पेयजल व्यवस्था बदहाल होती नजर आ रही है। गांव में लगे अधिकांश हैंडपम्प खराब पड़े होने से ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई हैंडपम्प महीनों से खराब पड़े हैं। इसकी शिकायत ग्राम पंचायत और संबंधित विभागीय अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। हैंडपम्प खराब होने के कारण लोगों को दूर-दराज इलाकों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है, जिससे खासतौर पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।गांव के लोगों ने बताया कि कई मोहल्लों में केवल एक या दो हैंडपम्प ही सही हालत में हैं, जहां सुबह से ही पानी भरने के लिए लंबी कतारें लग जाती हैं। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की मांग भी बढ़ गई है, जिससे लोगों में परेशानी और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही हैं। राहगीरों को भी रास्ते में पीने का पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत स्तर पर समस्या के समाधान को लेकर कोई गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े सभी हैंडपम्पों की जल्द मरम्मत कराई जाए और गांव में सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गंभीर रूप ले सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई कर गांव में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
![]()




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




