दिनांक:17/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़ के चार गांवों में 24 घंटों से बिजली गुल, भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल।
जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने चार गांवों के हजारों लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे से सिखेड़ा, खैरपुर, खैराबाद और कर गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। लंबे समय बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। घरों में पंखे, कूलर और पानी की मोटर बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार बिजली न आने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। पानी की मोटरें बंद होने से कई घरों में पानी खत्म हो चुका है। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार फोन कर सूचना दी गई, लेकिन अभी तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।स्थानीय लोगों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं बिजली बाधित रहने से किसानों और दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।फिलहाल पिलखुवा क्षेत्र के इन चार गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और लोग राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं। अब सबकी नजर बिजली विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर कब तक ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल पाएगी।
![]()




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



