हापुड़ में बिजली संकट पर व्यापार मंडल का बड़ा विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

SHARE:

दिनांक:23/05/2026

रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन

हापुड़ में बिजली संकट पर व्यापार मंडल का बड़ा विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

हापुड़ जनपद में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या को लेकर पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी इला प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष संजय कुमार डावर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी तहसील पहुंचे और जनपद में बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ज्ञापन में कहा गया कि भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गायब रहने से व्यापार चौपट हो रहा है, किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।

व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि हर साल गर्मियों में यही समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जाता। कई इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या इतनी गंभीर है कि लोगों के घरों में लगे बिजली उपकरण तक सही तरीके से काम नहीं कर पा रहे हैं। वहीं बार-बार ट्रिपिंग होने से लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।जिला अध्यक्ष संजय कुमार डावर ने कहा कि जनपद में विद्युत व्यवस्था सुधार के नाम पर विभिन्न योजनाओं के तहत लाइन सुधार, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, पोल बदलने और वितरण व्यवस्था को मजबूत करने जैसे कार्य किए गए। इन योजनाओं पर लगभग 141 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद यदि जनता आज भी ओवरलोड ट्रांसफार्मर, जर्जर लाइनें और बिजली कटौती जैसी समस्याओं से जूझ रही है तो यह गंभीर चिंता का विषय है।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अब तक हुए सभी कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए ताकि जनता को पता चल सके कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हो पाया।

जिला महामंत्री दीपक बंसल ने कहा कि शहर के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं, जिससे आए दिन फाल्ट की समस्या बनी रहती है। उन्होंने मांग की कि ओवरलोड क्षेत्रों में तत्काल उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। साथ ही जर्जर तार और पुराने पोल बदलकर नई लाइनें डाली जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।व्यापार मंडल ने यह भी मांग की कि सभी फीडरों और ट्रांसफार्मरों की तकनीकी जांच कराई जाए तथा बिजली व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में जनता और व्यापारियों का आक्रोश बढ़ सकता है।ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मोहित अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष ऋषभ गर्ग, नगर अध्यक्ष गौरव गोयल, जिला संगठन मंत्री राजेश नारंग, अमन चुग, नितिन गर्ग, शशांक अग्रवाल, प्रदीप गर्ग, अंकुर जिंदल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बिजली व्यवस्था में सुधार अब समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।