पिलखुआ में श्रद्धापूर्वक मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 36वीं पुण्यतिथि।

SHARE:

दिनांक:21/05/2026

रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन

पिलखुआ में श्रद्धापूर्वक मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 36वीं पुण्यतिथि।

हापुड़ जनपद के पिलखुआ नगर में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 36वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। नगर कांग्रेस कमेटी पिलखुआ द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम गढ़ी हापुड़ रोड स्थित कार्यालय, पिलर नंबर 115 पर संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच और नई तकनीक की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य किया। उनके नेतृत्व में भारत ने कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की ओर कदम बढ़ाए, जिसका लाभ आज पूरा देश उठा रहा है।

नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी युवाओं की सोच को समझने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने हमेशा देश के विकास, शिक्षा, तकनीकी प्रगति और युवाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना एक मजबूत, आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत का था, जिसे आज भी देश याद करता है।कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को बढ़ावा देने, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और सूचना प्रौद्योगिकी को आम जनता तक पहुंचाने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है। वक्ताओं ने कहा कि देश की राजनीति में उनका व्यक्तित्व हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

इस अवसर पर मदन सिंह चौहान, मास्टर दाऊद खान, सुधीर शर्मा, मुकेश शर्मा, एडवोकेट मोहम्मद फुरकान इदरीशी, मोहम्मद परवेज, मास्टर जयपाल सिंह, लाल बहादुर, एडवोकेट गुलफाम सैफी, ए.एस. त्रिवेदी, आमिर मलिक, सलीम, दिलशाद, सोनू अब्बासी, वीरेंद्र त्रिवेदी, नफीस खान, आदेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राजीव गांधी के बताए रास्तों पर चलने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।