दिनांक:23/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
गंगा दशहरा पर ब्रजघाट अलर्ट: श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण।
हापुड़। ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर ब्रजघाट गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने ब्रजघाट पहुंचकर सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी श्रद्धालु को गहरे पानी की ओर जाने न दिया जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के लिए कहा गया ताकि कोई भी व्यक्ति बैरिकेडिंग पार कर स्नान करने की कोशिश न करे।अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट, चेंजिंग रूम और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था का भी जायजा लिया। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर को निर्देशित किया गया कि पूरे मेले क्षेत्र में निरंतर सफाई अभियान चलता रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने नाव संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। नाविकों के लिए रेट लिस्ट सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करने, शराब पीकर नाव न चलाने और क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने के आदेश दिए गए। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल, गोताखोर और जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग को मेले में बिक रहे फास्ट फूड और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से कोई खिलवाड़ न हो सके। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया और अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को वाहन पार्किंग में किसी प्रकार की परेशानी न हो।प्रशासन का कहना है कि गंगा दशहरा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



