झूठी लूट की कहानी रचने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार, पुलिस जांच में खुला पारिवारिक विवाद का राज।

SHARE:

दिनांक:23/05/2026

हरदोई से ब्यूरो रिपोर्ट

झूठी लूट की कहानी रचने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार, पुलिस जांच में खुला पारिवारिक विवाद का राज।

हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र में एक पिता द्वारा अपने ही छोटे बेटे पर लूट का आरोप लगाना उस समय उल्टा पड़ गया, जब पुलिस जांच में पूरा मामला फर्जी निकला। जांच के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता पिता और उसके बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव निवासी जितेंद्र ने डायल 112 पर सूचना देकर आरोप लगाया था कि उनके छोटे बेटे श्याम प्रताप ने सांडी क्षेत्र के बम्हटापुर चिल्लौर गांव में उनसे 22 हजार रुपये लूट लिए। शिकायत में बताया गया कि वह अपने बड़े बेटे शिवप्रताप के साथ कंबाइन मशीन की वसूली के लिए गए थे, तभी यह घटना हुई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कई तथ्य संदिग्ध मिले, जिसके बाद पूछताछ और पड़ताल में यह स्पष्ट हो गया कि लूट की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत थी।सांडी पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते छोटे बेटे को फंसाने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी गई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ दिन पहले जितेंद्र ने अपने छोटे बेटे श्याम प्रताप और उसकी पत्नी को घर से निकाल दिया था। वहीं श्याम प्रताप की पत्नी ने सास-ससुर और जेठ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की शिकायत भी दर्ज कराई थी।पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते छोटे बेटे पर दबाव बनाने और उसे फंसाने के लिए लूट की झूठी कहानी बनाई गई। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने जितेंद्र और उसके बड़े बेटे शिवप्रताप को गिरफ्तार कर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More