दिनांक:23/05/2026
हरदोई ब्यूरो रिपोर्ट
हरदोई न्यूज दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, पांच ससुरालीजनों पर मुकदमा।
हरदोई जिले के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला सामने आया है। मायके में रह रही एक विवाहिता ने अपने पति समेत पांच ससुरालीजनों पर लाठी-डंडों से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता जूली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले पाली थाना क्षेत्र के भावपुर गांव निवासी रमाकांत के साथ हुई थी। शादी में परिवार की ओर से सामर्थ्य अनुसार दान-दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद पति, देवर, सास और ससुर लगातार मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।महिला के अनुसार करीब दो वर्ष पहले ससुराल पक्ष ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। आरोप है कि 22 मई को जब वह अपने भाई के साथ घर के बाहर मौजूद थी, तभी ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घायल महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




