दिनांक:09/08/2026
रिपोर्ट by: संवादाता मोहसिन खान
बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल; एक साथी फरार।
बुलंदशहर। जनपद बुलंदशहर से बड़ी खबर सामने आई है। गुलावठी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोलीबारी में SWAT टीम के उपनिरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल नरेंद्र कुमार घायल हुए हैं। वहीं गुलावठी और सिकंदराबाद थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं।पुलिस के अनुसार, छपरावत के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोनू पुत्र राकेश, निवासी फतेहपुर जादौन, थाना चोला, बुलंदशहर के रूप में हुई है पुलिस के मुताबिक, मोनू एक अगस्त को ककोड़ क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन, कई जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद करने का दावा किया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, मृतक के खिलाफ बुलंदशहर के अलावा गौतमबुद्ध नगर, बरेली और अलीगढ़ में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई और फरार आरोपी की तलाश जारी है।









