दिनांक:13/11/2026
रिपोर्ट by संवाददाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार


जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिल पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम दीनानाथपुर पूठी, थाना वेव सिटी, जनपद गाजियाबाद, रोशन पुत्र शंकर, निवासी ग्राम खिचरा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ तथा जाकिर, निवासी जाकिर कॉलोनी, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोटरसाइकिलों से संबंधित वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक बुलेट मोटरसाइकिल का चेसिस, दो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलों के चेसिस तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल शामिल है।


मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस द्वारा मोबाइल फोन में ई-चालान ऐप के माध्यम से बरामद मोटरसाइकिलों के चेसिस नंबर की जांच की गई। जांच के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर से संबंधित जानकारी सामने आई, जिसमें मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर DL 3S FE 4354 प्रदर्शित हुआ।

जांच में सामने आया कि उक्त बुलेट मोटरसाइकिल के पंजीकृत मालिक शशि कुमार ने बताया था कि उनकी बुलेट क्लासिक 350 मोटरसाइकिल 9 और 10 नवंबर 2026 की रात वेव सिटी स्थित उनके घर के सामने से चोरी हो गई थी। काफी तलाश करने के बाद भी मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला था। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई थी।
वहीं, दूसरी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर की जांच करने पर उसका पंजीकरण नंबर UP24BN9094 सामने आया। वाहन के पंजीकृत मालिक बाबूलाल से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने भी अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की जानकारी दी।
पुलिस द्वारा बरामद वाहनों के चेसिस नंबर और पंजीकरण संबंधी जानकारी का मिलान कर चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई।









