पिलखुवा में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव।*

SHARE:

*पिलखुवा में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव।*

पिलखुवा संवाददाता/इस्तेकार चौधरी 

हापुड़। जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना छिजारसी रेलवे फाटक से आगे रेलवे खंभा संख्या 120-ए के पास की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब आठ बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि छिजारसी फाटक से आगे रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव अत्यंत क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शुरुआती प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति साइकिल से रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव के अवशेषों को एकत्र कर रेलवे ट्रैक से हटवाया और ट्रैक को क्लियर कराया, जिसके बाद रेल यातायात सुचारु कराया गया।पिलखुवा थाना प्रभारी मनोज बाल्यान ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति के ट्रेन से रनओवर होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक अज्ञा

व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव का पंचायतनामा भरकर मोर्चरी भिजवाने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

मृतक की पहचान होने के बाद ही घटना से संबंधित अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।