आमने-सामने भिड़े दोनों पक्ष, 2 परिवारों में विवाद के चलते कोतवाली में जमकर हुआ हंगामा

SHARE:

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली में हालात उस समय बिगड़ गए, जब एक परिवार छेड़छाड़ की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा। वहां पर पहले से मौजूद दूसरे पक्ष से कहासुनी के साथ ही महाभारत शुरू हो गई। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि कोतवाली में मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गए। वहीं पुलिस ने बीच बचाव किया तो पुलिस के भी पसीने छूट गए। वहीं पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद महिलाएं समेत कई लोगों को हिरासत में लिया।

दरअसल, कोतवाली क्षेत्र फौजी मटकोटा में दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष कोतवाली जा धमके। लेकिन यहां पर भी दोनों परिवारों ने कोतवाली को जंग का अखाड़ा बना लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर जूतमपैजार शुरू हो गया, जैसे कि महाभारत हो रहा हो। यह पूरी घटना कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि जूतमपैजार होती देख पुलिस के भी हाथ पैर फूल गए। पुलिस कर्मी बीच बचाव में लग गए। इस मामले में कोतवाली पहुंची युवती ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एक पक्ष को पहले ही अंदर बैठा लिया था और पुलिस दूसरे पक्ष को अंदर लेकर जा रही थी, तभी वह लोग अंदर नहीं जा रहे थे। इसको लेकर जमकर हंगामा खड़ा हो गया।

वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि फौजी मटकोटा में दो पक्षों का विवाद हुआ था, हल्का प्रभारी मौके पर गए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुला रखा था, तभी दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। एसपी ने बताया कि कोतवाली में हंगामा करने पर महिलाओं समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की जांच कर रही है।

NEWS SOURCE Credit : punjabkesari

Leave a Comment

Read More