दिनांक:18/12/2025
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
HAPUR BREAKING NEWS हैदराबाद में मजदूर की संदिग्ध मौत, डीएम के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव।
हापुड़ हैदराबाद में एक मीट फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों की शिकायत और लगातार उठाए गए सवालों के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश पर मृतक का शव कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

मृतक की पहचान अमजद खान के रूप में हुई है, जो हैदराबाद स्थित हाजी फ़ज़्लु नामक व्यक्ति की मीट फैक्ट्री में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व अमजद की फैक्ट्री परिसर में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। प्रारंभिक तौर पर इसे सामान्य मृत्यु बताया गया, जिसके बाद शव को हापुड़ लाकर नगर कोतवाली क्षेत्र के सिकंदर गेट स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया था।

मृतक के परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल उठाते हुए अमजद की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि उन्हें युवक की मौत की परिस्थितियों की सही जानकारी नहीं दी गई और जल्दबाजी में शव को दफना दिया गया। इसके बाद परिजनों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की।शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने मामले की समीक्षा की और कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्र खुदवाकर शव को बाहर निकालने का निर्णय लिया। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है।

प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण मौजूद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले पर निगरानी बनाए हुए हैं। वहीं परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अपराध सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




