दिनांक:22/12/2025
रिपोर्ट by: जगदीश माकन (हापुड़)
हापुड़ में भाजपा नेता के साथ साइबर ठगी, खाते से उड़े करीब 83 हजार रुपये।
हापुड़ में साइबर ठगी का एक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने भाजपा नेता के बैंक खाते से करीब 82,998 रुपये की रकम उड़ा ली। मामला जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सदरपुर का है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित एडवोकेट संदीप सिंह, जो भाजपा हापुड़ में मंडल मंत्री के पद पर कार्यरत हैं, के बैंक खाते से बीती रात अचानक तीन बार में संदिग्ध लेनदेन किया गया।

पीड़ित ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर बैंक की ओर से मैसेज आया, जिसमें खाते से पैसे कटने की जानकारी दी गई। मैसेज के अनुसार, सबसे पहले 1 रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ, इसके बाद 50,000 रुपये और फिर 32,997 रुपये की रकम खाते से निकाल ली गई। कुल मिलाकर करीब 82,998 रुपये का फ्रॉड किया गया।

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को कोई ओटीपी साझा किया, न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया और न ही किसी अनजान ऐप को डाउनलोड किया। इसके बावजूद उनके खाते से इतनी बड़ी रकम निकल जाना कई सवाल खड़े करता है।घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन से संपर्क किया और अपने बैंक को सूचित कर खाते को ब्लॉक कराया, जिससे आगे की किसी भी तरह की ठगी को रोका जा सके।

यह मामला एक बार फिर यह दर्शाता है कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर आम लोगों को निशाना बना रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बैंकिंग लेनदेन को लेकर लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।फिलहाल पीड़ित द्वारा साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज करा दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच यह घटना एक बड़ा संदेश है।सावधानी हटी, दुर्घटना घटी।
स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




